भाजपा के वरिष्ठ नेता रविंद्र प्रसाद सिंह के निधन से शोक की लहर, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दी श्रद्धांजलि
मुजफ्फरपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मुजफ्फरपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र प्रसाद सिंह के निधन से राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक जगत में शोक की लहर है।
दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने रविंद्र बाबू के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि रविंद्र बाबू का निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना जीवन संगठन की मजबूती और निस्वार्थ जनसेवा के लिए समर्पित किया। उनका अनुभव, मार्गदर्शन और आत्मीय व्यवहार हमेशा याद किया जाएगा।
भाजपा मुजफ्फरपुर पूर्वी के जिलाध्यक्ष विवेक कुमार ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रविंद्र बाबू एक कुशल संगठनकर्ता और समर्पित राजनेता होने के साथ-साथ संगीत के प्रति विशेष रुचि रखने वाले मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे।
वहीं, बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद चन्द्रवंशी और केदार प्रसाद गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि देने वालों में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं मुजफ्फरपुर के सांसद राजभूषण चौधरी निषाद, पूर्व मंत्री रामसूरत राय, सुरेश शर्मा, पूर्व सांसद अजय निषाद, विधायक रंजन कुमार सहित भाजपा के कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
रविंद्र प्रसाद सिंह के निधन से भाजपा परिवार के साथ-साथ जिले के सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
#RavindraPrasadSingh #SanjaySaraogi #BJP #MuzaffarpurNews #TirhutNow