प्रतापपुर पहुंचे कांटी विधायक अजीत कुमार, आगजनी पीड़ित परिवारों को बांटे ₹58,050 के चेक; बोले— हत्या के दोषियों पर होगी कानूनी कार्रवाई
मुजफ्फरपुर जिले के प्रतापपुर में आगजनी की घटना के बाद पीड़ित परिवारों को राहत देने के लिए कांटी विधायक इंजीनियर अजीत कुमार बुधवार को घटनास्थल पर पहुंचे। घटना के चौथे दिन पहुंचे विधायक ने कल्याण विभाग की ओर से आगजनी प्रभावित परिवारों को प्रति परिवार 58 हजार 50 रुपये के चेक वितरित किए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर आपसी सद्भाव और संयम बनाए रखने की अपील की।
विधायक अजीत कुमार ने मामूली विवाद में 20 वर्षीय युवक की हत्या की घटना पर गहरा दुःख जताते हुए इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि मोहम्मदपुर खाजे गांव का युवक बाहर रहकर फूल-माला का काम करता था और घर आया हुआ था। किसी ने नहीं सोचा था कि एक मामूली विवाद उसकी जान ले लेगा।
विधायक ने लोगों से अपील की कि इस घटना से सबक लें और आपसी विवाद को हिंसा का रूप न दें। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया गया है। घटना की जानकारी मुख्यमंत्री को भी दी गई है।
उन्होंने कहा कि मामले में शामिल आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करे और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो।
विधायक ने यह भी कहा कि कुछ लोगों की संलिप्तता के कारण पूरे समाज को दंडित करना उचित नहीं है। पीड़ित परिवारों को न्याय और प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा मिलना चाहिए। जिन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और जिनका नाम सहायता सूची में छूट गया है, उन्हें भी सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
मौके पर जिला कल्याण पदाधिकारी, सीओ पुष्कल कुमार, करजा थानाध्यक्ष रामएकबाल प्रसाद, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मो. शमीम समेत मनोज कुमार सिंह, मो. जाबिर हुसैन, मो. फूल बाबू, प्रेम कुमार सिंह और अन्य लोग मौजूद रहे।
#TirhutNow #MuzaffarpurNews #AjitKumar #PratappurNews #BiharNews