बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड में ट्रेकिंग पर आया युवक नदी में डूबा। कृपया यात्री सावधानी बरतें। अभी नदी नाले उफान पर हैं । द्वितीय केदार मदमहेश्वर ट्रैक पर नदी में नहाते समय डूबा यात्री।
#सावधानी #awerness #police #Kedar #trekingadventures
रुद्रप्रयाग। मदमहेश्वर पैदल ट्रैक पर गौंडार-बनतोली के समीप शनिवार शाम नदी में नहाते समय एक यात्री गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) रुद्रप्रयाग ने डीडीआरएफ और आपदा मित्र की टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद यात्री को नदी से बाहर निकाला और बनतोली से अकतोली धार (रांसी) तक रेस्क्यू किया।
हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4:29 बजे डीईओसी रुद्रप्रयाग को सूचना प्राप्त हुई कि मदमहेश्वर पैदल ट्रैक पर गौंडार-बनतोली के समीप एक यात्री नदी में नहाते समय डूब गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए डीडीआरएफ और आपदा मित्र की टीम को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए रवाना किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर नदी में तलाश अभियान चलाया और यात्री को बाहर निकाला। मृतक की पहचान अजय पुत्र राधेश्याम, उम्र 26 वर्ष, निवासी भरतियाका, मथुरा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। रेस्क्यू टीम द्वारा शव को बनतोली से अकतोली धार (रांसी) तक पहुंचाया गया। इसके बाद शव को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई एवं पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा जा रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि पर्वतीय पैदल मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें तथा नदी, गदेरों और अन्य जलस्रोतों में नहाने या उतरने से बचें। पहाड़ों में जलधाराओं का बहाव अचानक तेज हो सकता है, जिससे गंभीर हादसे की आशंका बनी रहती है।
Dehradun, Dehradun | Oct 4, 2026