छात्रों से अवैध वसूली के आरोप में गणेश नगर मनिका प्रभारी प्रधानाध्यापक निलंबित, DEO ने किया कार्रवाई
औरंगाबाद। जिला शिक्षा पदाधिकारी, औरंगाबाद ने मदनपुर प्रखंड के पीएम श्री उच्च माध्यमिक विद्यालय गणेश नगर मणिका के प्रभारी प्रधानाध्यापक पर बड़ी कार्रवाई की है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय आदेश ज्ञापांक 2172, दिनांक 19/09/2026 के अनुसार प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री विजय कुमार सिंह (विशिष्ट शिक्षक) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
बताया गया है कि प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी, मदनपुर के पत्रांक 697 दिनांक 16.09.2026 द्वारा श्री सिंह के विरुद्ध कक्षा 9 से 12 के छात्र-छात्राओं से पंजीयन एवं आवेदन शुल्क के नाम पर सरकार द्वारा निर्धारित राशि क्रमशः 1500, 3000 एवं 6000 रुपये से अधिक राशि वसूले जाने का आरोप लगाया गया था। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी के पत्रांक 2085 दिनांक 14.09.2026 द्वारा उनसे स्पष्टीकरण की मांग की गई थी, लेकिन उनके द्वारा कोई स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया।स्पष्टीकरण अप्राप्त रहने के कारण आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई के अधीन किया गया है।
जांच टीम गठित, मुख्यालय BRC मदनपुर
जांच हेतु संचालन पदाधिकारी के रूप में कार्यक्रम पदाधिकारी श्री अमृतेश आर्यन, औरंगाबाद एवं उपस्थापन पदाधिकारी के रूप में प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी, मदनपुर को प्राधिकृत किया गया है।निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रखण्ड संसाधन केन्द्र (BRC), मदनपुर निर्धारित किया गया है।