बिजली संकट को लेकर किसानों का बारा तहसील में अनिश्चितकालीन धरना शुरू
यूनाइटेड भारत बारा
मनोज कुमार बिन्द
प्रयागराज, बारा (20 जुलाई 2026)। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के बैनर तले शंकरगढ़ पावर हाउस की कार्यप्रणाली और क्षेत्र में व्याप्त बिजली संकट के विरोध में सोमवार को किसानों ने बारा तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में पिछले 10 से 15 दिनों से नियमित विद्युत आपूर्ति नहीं हो रही है। बिजली आने पर भी वोल्टेज इतना कम रहता है कि घरों में बल्ब तक नहीं जल पाते। इससे सिंचाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है और धान सहित अन्य फसलें संकट में हैं। किसानों का कहना है कि एक ओर वे प्राकृतिक आपदाओं का सामना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बिजली विभाग की लापरवाही और अधिकारियों के मनमाने रवैये के कारण सिंचाई के लिए पानी का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
धरना दे रहे किसानों ने कहा कि सरकार किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक क्षेत्र में नियमित और पर्याप्त वोल्टेज के साथ बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना स्थल पर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के शंकरगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष पंकज कुशवाहा, तहसील बारा अध्यक्ष आशीष शुक्ला, प्रयागराज मंडल महासचिव अंकुश शुक्ला, किसान नेता आयुष, हिमांशु, प्रिंस, लखन, रविंद्र, जगदीश सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।
Bara, Allahabad | Jul 20, 2026