21 जून को जिलेभर में होगा 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का सामूहिक आयोजन
जिले से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक होंगे योग कार्यक्रम, अधिकारी दायित्वों का जिम्मेदारी से करें निर्वहन
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को जिले में जिला, विकासखंड, नगरीय निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तैयारियों के संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद पंचायतों, नगर निगम, नगर परिषद, नगर पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों-आंगनबाड़ी केंद्रों तथा अमृत सरोवरों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करें।
बैठक में निर्देश दिए गए कि योग प्रशिक्षकों की उपलब्धता के साथ प्रतिभागियों की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी आयोजनों के फोटो एवं आवश्यक जानकारी योग संगम पोर्टल पर अपलोड की जाए।
निर्धारित रहेगा कार्यक्रम
21 जून को प्रातः 6 बजे से पूर्व प्रतिभागियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। प्रातः 6 बजे अतिथियों का आगमन, 6 से 6ः30 बजे तक अतिथियों का उद्बोधन, 6ः30 बजे से कोलकाता से राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण, 6ः45 बजे प्रधानमंत्री के उद्बोधन का प्रसारण तथा प्रातः 7 से 7ः45 बजे तक सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सभी विभागों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के उपरांत की गई कार्यवाही से जिला प्रशासन को अवगत कराने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 21 जून को आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं तथा स्वस्थ एवं निरोगी समाज के निर्माण में सहभागी बनें। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, आयुक्त नगर निगम तथा योग दिवस आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#Morena #MadhyaPradesh #JansamparkMP