अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर जागरूकता का संकल्प, बच्चों को शिक्षा और वैज्ञानिक सोच का दिया संदेश
मऊ के घोसी क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय धरौली में अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर बच्चों के साथ शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को लेकर विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गोल्ड मेडलिस्ट और राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित प्रभारी प्रधानाध्यापक डॉ. रामविलास भारती ने बच्चों को शिक्षा के महत्व के साथ-साथ तार्किक और वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय धरौली में बच्चों के बीच शिक्षा, साक्षरता और सामाजिक जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक डॉ. रामविलास भारती ने कहा कि साक्षरता सिर्फ पढ़ना-लिखना सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति में तर्कशीलता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और संवैधानिक चेतना विकसित करती है।
उन्होंने बच्चों से नियमित अध्ययन करने, जिज्ञासापूर्वक सवाल पूछने और अंधविश्वास से दूर रहने की अपील की। साथ ही शिक्षा के अधिकार, समान अवसर, बालिका शिक्षा और समाज में शिक्षा की भूमिका को लेकर भी बच्चों से संवाद किया।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा और साक्षरता से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका प्रधानाध्यापक ने उदाहरण के साथ जवाब देते हुए बच्चों को शिक्षा को अपने जीवन के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से पढ़ाई करेंगे और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी शिक्षा एवं साक्षरता के प्रति जागरूक करेंगे।
इस दौरान विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष बदामी, पूजा, राकेश कुमार गौतम, अर्जुन यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।