सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान से शासन की योजनाओं का अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने में विशेष फोकस करें- कलेक्टर
समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिए विस्तृत दिशा-निर्देश, 31 हितग्राहीमूलक योजनाओं के शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण पर जोर
लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, जल जीवन मिशन में प्रगति और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के मामलों के गुणवत्तापूर्ण समाधान के दिए निर्देश
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी देते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। इसके लिए सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समन्वित रूप से कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने निर्देशित करते हुए कहा कि सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के तहत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में चिन्हित 31 व्यक्तिगत हितग्राहीमूलक योजनाओं का शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण किया जाना है। अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं का त्वरित एवं प्रभावी लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने के साथ-साथ नागरिकों का शासन के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अभियान संबंधी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन कर विभागवार कार्ययोजना तैयार करने तथा मैदानी स्तर पर सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि अभियान के प्रथम चरण में ग्रामवार आधारभूत आंकड़ों का संकलन एवं सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद डाटा विश्लेषण के आधार पर चिन्हित पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए ग्राम, क्लस्टर एवं विकासखंड स्तर पर विशेष संतृप्तिकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों के आयोजन से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं तथा योजनाओं की पात्रता से संबंधित जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए।
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की।
4 views | Raigarh, Chhattisgarh | Jun 23, 2026