अनुमंडल कार्यालय परिसर में गुरुवार को मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत 20 दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने लाभुक दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल की चाबी सौंपी। ट्राइसाइकिल मिलने के बाद लाभुकों के चेहरे पर खुशी दिखी।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आधुनिक सुविधाओं से लैस उपकरण उपलब्ध कराने से दिव्यांगजनों के दैनिक जीवन में काफी सहूलियत होगी। इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल के माध्यम से वे शिक्षा, रोजगार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आसानी से आवागमन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल मिलने पर लाभुक दिव्यांगजनों ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि आवागमन की समस्या के कारण उन्हें कई जरूरी कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल मिलने से अब आने-जाने में काफी सुविधा होगी। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डॉ. अनिल कुमार, एसडीएम प्रवीण कुंदन, बीडीओ योगेंद्र पासवान मौजूद थे।
#bdbiharjharkhand