सूने मकान को बनाया निशाना, 27 तोला सोना, 20 तोला चांदी और 50 हजार रुपए चोरी रात 2:30 बजे वारदात को दिया अंजाम, विवाह समारोह में गया हुआ था परिवार; मुख्य दरवाजा खोलकर घर में घुसे चोर
पोकरण। शहर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। छंगानियों के मोहल्ले में बुधवार देर रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। वारदात के समय परिवार के सभी सदस्य विवाह समारोह में शामिल होने गए हुए थे। पीछे से मकान सूना होने का फायदा उठाकर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात करीब 2:30 बजे मकान का मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घर में रखे करीब 27 तोला सोने के आभूषण, 20 तोला चांदी और 50 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। परिवार के सदस्य जब वापस घर लौटे तो चोरी की वारदात का पता चला। घर में सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए।
घटना की सूचना मिलने पर पोकरण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश और वारदात की जांच शुरू कर दी है। शहर के बीचोंबीच हुई इस बड़ी चोरी की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं, वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
#TharChronicle #RajasthanNews #HindiNews
Pokaran, Jaisalmer | Nov 27, 2026