आशीर्वाद का दीया’ पर सियासी तंज! सांसद जनार्दन मिश्रा के पुराने बयान को लेकर सीधी से रामचरण सोनी का वीडियो वायरल
सांसद ने कहा था—‘शुद्ध तेल तोहरे बाप के इहां से आई’; अब रामचरण सोनी बोले—‘तेल हमार बाप नहीं देत आही’ 😀
सीधी/रीवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर भाजपा की ओर से ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा ने लोगों से 17 सितंबर की शाम 6 बजे से 7 बजे तक अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की है। सांसद जनार्दन मिश्रा ने भी लोगों से प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीप जलाने का आह्वान किया है।
इस अपील के बीच सोशल मीडिया पर राजनीतिक तंज का दौर भी देखने को मिल रहा है। सीधी के रामचरण सोनी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए सांसद जनार्दन मिश्रा के पुराने बयान को लेकर व्यंग्य किया है। वीडियो में रामचरण सोनी की ओर से कहा गया— “तेल हमार बाप नहीं देत आही।” वीडियो के साथ इमोजी के जरिए भी व्यंग्यात्मक अंदाज नजर आ रहा है।
रामचरण सोनी की यह टिप्पणी सांसद जनार्दन मिश्रा के अगस्त 2026 में इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल और शुद्ध पेट्रोल को लेकर दिए गए कथित बयान की पृष्ठभूमि में सामने आई है। उस दौरान सांसद के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आया था, जिसमें शुद्ध पेट्रोल को लेकर उनकी टिप्पणी को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं।
अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स पुराने बयान को संदर्भ बनाकर तंज कस रहे हैं। इसी क्रम में “तेल केकर बाप देई” जैसी टिप्पणियां भी सोशल मीडिया पर दिखाई दे रही हैं।
मामला अब राजनीतिक बयान से आगे बढ़कर सोशल मीडिया की बहस का विषय बनता नजर आ रहा है, जहां पुराने बयान और वर्तमान ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान को जोड़कर अलग-अलग यूजर्स अपने-अपने अंदाज में प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
हालांकि, रामचरण सोनी का वीडियो और सोशल मीडिया पर की जा रही टिप्पणियां संबंधित यूजर्स की प्रतिक्रियाएं हैं। इन्हें सांसद जनार्दन मिश्रा या भाजपा की आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं माना जा सकता।