✨ जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु पंचायत में आयोजित हुआ “सहयोग शिविर” ✨
📍 मध्य विद्यालय, कर्मा भगवान पंचायत | सदर प्रखंड | औरंगाबाद
आज दिनांक 16 जून 2026 को औरंगाबाद जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत कर्मा भगवान पंचायत स्थित मध्य विद्यालय कर्मा भगवान में माननीय विधान पार्षद श्री दिलीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु “सहयोग शिविर” का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार गीत के सामूहिक गायन से हुआ। तत्पश्चात माननीय विधान पार्षद श्री दिलीप कुमार सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री संतन कुमार सिंह एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि माननीय विधान पार्षद श्री दिलीप कुमार सिंह को बुके एवं शॉल देकर स्वागत किया गया। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा अन्य अतिथियों को भी बुके एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर मध्य विद्यालय कर्मा भगवान की छात्राओं द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत कर मुख्य अतिथियों का स्वागत किया गया।
अंचल अधिकारी औरंगाबाद द्वारा अपने स्वागत अभिभाषण में बताया गया कि इस सहयोग शिविर के लिए एक माह पूर्व से आवेदन प्राप्त किए जा रहे थे तथा आज तक कुल 134 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका निष्पादन कर लिया गया है। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि यदि किसी का आवेदन अथवा कोई समस्या शेष रह गई हो तो शिविर में स्थापित काउंटर पर आवेदन प्रस्तुत करें, जिसका निष्पादन 30 दिनों के भीतर किया जाएगा।
अपने संबोधन में सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को इस प्रकार के संयुक्त सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों को समस्याओं के समाधान हेतु बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े तथा प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुँचे।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि पंचायत स्तर पर ही लोगों की शिकायतें सुनी जाएँ तथा उनका यथासंभव त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का निष्पादन कर यथासंभव उसी दिन समाधान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है।
माननीय विधान पार्षद श्री दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम लोगों, विशेषकर गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले तथा उन्हें समस्याओं के समाधान हेतु कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं गंभीरतापूर्वक निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर लाभुकों के बीच श्रम कार्ड, जॉब कार्ड, राशन कार्ड एवं आयुष्मान भारत कार्ड का वितरण किया गया।
शिविर के अंतर्गत 22 विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए, जिनमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, निःशक्तता पेंशन योजना, मनरेगा, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, नल-जल योजना, बिजली विभाग सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएँ उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर में दवा वितरण, आयुष्मान भारत कार्ड एवं यूडीआईडी कार्ड से संबंधित सेवाएँ प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त जिला बाल संरक्षण इकाई, प्रधानमंत्री आवास योजना, आईसीडीएस, शिक्षा विभाग एवं राजस्व विभाग द्वारा भी स्टॉल लगाए गए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
#SahyogShivir #Aurangabad #JanSeva #GoodGovernance #Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar
1 views | Aurangabad, Bihar | Jun 16, 2026