करैरा में पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
करैरा। थाना प्रभारी विनोद सिंह छावई के नेतृत्व में मंगलवार को करैरा नगर के प्रमुख बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस बल ने पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से कानून का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। वहीं, असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया गया कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी विनोद सिंह छावई ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं आमजन में विश्वास बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस लगातार गश्त एवं निगरानी कर रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
Karera, Shivpuri | Jun 26, 2026