*सीईओ जिला पंचायत द्वारा देवसर विकासखंड भ्रमण में विभिन्न निर्माण कार्य, आजीविका गतिविधि, कन्या शिक्षा परिषद एवं हाई स्कूल का किया निरीक्षण, लापरवाहो पर हुई कार्रवाई, गुणवत्तापूर्ण निर्माण के दिए निर्देश*
सिंगरौली। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सिंगरौली श्री संघ प्रिय द्वारा विकासखंड देवसर में कन्या शिक्षा परिषद बरगवां, पंचायत भवन निर्माण कार्य, सामुदायिक भवन निर्माण कार्य, गौशाला संचालन, मच्छरदानी सिलाई SRLM अंतर्गत आजीविका गतिविधि भ्रमण, पंचायत भवन निरीक्षण किया गया तथा जनपद पंचायत देवसर के ग्राम पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक की बैठक ले जाकर आवश्यक निर्देश दिए गए। भ्रमण के दौरान प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत देवसर सुश्री सौम्या मिश्रा आईएएस एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान कन्या शिक्षा परिषद बरगवां में भोजन की गुणवत्ता सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में गंभीर शिकायत पाई गई जिस हेतु प्राचार्य के विरुद्ध विभाग के माध्यम से वेतन वृद्धि रोकने की कार्यवाही का प्रस्ताव भेजने हेतु निर्देशित किया गया । अन्य जिम्मेदार के विरुद्ध कारण बताओं नोटिस जारी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया तथा व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाने हेतु हिदायत दी गई ।
ग्राम ओरगड़ी में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का अवलोकन किया गया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए उपस्थित एसडीओ से कार्य की गुणवत्ता एवं साइट चयन के संबंध में जानकारी ली। ग्राम ओड़गड़ी में निर्माणाधीन पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने पंचायत स्तर पर संचालित सभी निर्माण कार्यों में कार्य की जानकारी प्रदर्शित करने वाले साइन बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाने के निर्देश दिए। ग्राम खेखड़ा में आजीविका मिशन के माध्यम से संचालित गौशाला का निरीक्षण कर गौशाला का संचालन कर रही दुर्गा स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने समूह की महिलाओं से गौशाला में संचालित गतिविधियों, आय एवं रोजगार से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। इसके साथ ही समूहों द्वारा संचालित मच्छरदानी निर्माण एवं टेंट हाउस गतिविधि के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की गई तथा महिलाओं को गतिविधियों को और बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
भ्रमण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र बेटहडांड एवं हाई स्कूल बेटहडांड का निरीक्षण किया गया। हाई स्कूल के निरीक्षण के दौरान प्राचार्य श्री रामनाथ पनिका तथा अतिथि शिक्षक श्री धनंजय कुमार वैश्य के अनुपस्थित पाए जाने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मध्यान्ह भोजन का निरीक्षण करते हुए स्व-सहायता समूह को निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने तथा भोजन की गुणवत्ता में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। मेनू अनुसार भोजन न पाए जाने पर संलग्न समूह जानकी स्वयं सहायता समूह बाघाडीह को नोटिस जारी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया । साथ ही शिक्षकों को विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत देवरा में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
ग्राम पंचायत देवरा में मुर्गी पालन गतिविधि का निरीक्षण करने के साथ ही पंचायत स्तर पर संचालित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। पंचायत में साफ-सफाई एवं पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन की स्थिति संतोषजनक पाए जाने पर अधिकारियों की सराहना की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने अन्य पंचायतों में भी इसी प्रकार की बेहतर व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत देवसर द्वारा आवास योजना, वीबी जी राम जी योजना, पंचायत स्तर पर कर/जलकर एवं स्वच्छता कर की वसूली, संपत्ति कर कलेक्शन सहित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई। कम प्रगति वाली पंचायतों के सचिव की कारण बताओं नोटिस जारी कर एक इंक्रीमेंट रोकने एवं रोजगार सहायकों का नो वर्क नो पे के आधार पर सात दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए तथा कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। पंचायत स्तर पर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पंचायत भवनों का रंग-रोगन, बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई, शौचालयों की स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं पंचायत स्तर पर संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि पंचायत स्तर पर योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Jansampark Madhya Pradesh
2 views | Singrauli, Madhya Pradesh | Sep 23, 2026