पंचकूला में सरकारी जमीन पर कथित अवैध मंदिर निर्माण का मुद्दा गरमाया, ओपी सिहाग ने उठाए सवाल
जेजेपी जिला अध्यक्ष ओपी सिहाग का आरोप—दूरदराज के अवैध निर्माण तो दिखे, सेक्टर-11 और सेक्टर-14 की सरकारी जमीन पर हो रहे निर्माण क्यों नहीं?
पंचकूला, 23 अक्टूबर। पंचकूला में सरकारी जमीन पर कथित अवैध मंदिर निर्माण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के जिला अध्यक्ष ओपी सिहाग ने पूर्व विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता पर कटाक्ष करते हुए सेक्टर-11 और सेक्टर-15 के चौक के पास स्थित सरकारी पार्किंग तथा सेक्टर-14 के पार्क की जमीन पर कथित रूप से बनाए जा रहे मंदिरों का मुद्दा उठाया है।
ओपी सिहाग ने कहा कि बुधवार को जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में ज्ञानचंद गुप्ता ने जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) पंचकूला और उनके स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि जिले के नियंत्रित क्षेत्र में अपनी जमीन पर बिना अनुमति अवैध कॉलोनियां काटने और भवन निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है तथा इसके पीछे कथित तौर पर रिश्वतखोरी का मामला हो सकता है।
सिहाग ने सवाल उठाया कि यदि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष को दूरदराज के क्षेत्रों में हो रहे कथित अवैध निर्माण दिखाई देते हैं, तो पंचकूला के व्यस्त चौकों के पास सरकारी जमीन पर हो रहे निर्माण क्यों नजर नहीं आते? उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध निर्माण रोकना संबंधित विभाग और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेश सरकार, भाजपा नेताओं और संबंधित अधिकारियों से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की।
जेजेपी जिला अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि शहीद भगत सिंह चौक के पास कथित रूप से बनाए जा रहे दोनों मंदिरों को नहीं हटाया गया, तो आने वाले समय में वहां यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उनका आरोप है कि मंदिर निर्माण करने वाले लोगों ने चौक के दोनों ओर भंडारे लगाने शुरू कर दिए हैं, जिसके चलते सैकड़ों लोग अपने वाहनों के साथ वहां रुकते हैं। इससे यातायात नियंत्रण में परेशानी होने की आशंका है।
सिहाग ने प्रशासन से मांग की कि सरकारी जमीन पर हो रहे कथित अवैध निर्माण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए और चौक पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए उचित कदम उठाए जाएं।
समाचार संसार न्यूज़ 24 : रिपोर्टर देव शर्मा
#पंचकूला #सरकारीजमीन #अवैधनिर्माण #ओपीसिहाग #जेजेपी #यातायातव्यवस्था #सच्ची_खबर_सटीक_विश्लेषण