पंचकूला में मॉडिफाइड विंटेज जीप जब्त, 28,500 रुपये का चालान, लाउड म्यूजिक और ब्लैक फिल्म लगाकर हुडदंगबाजी पर पुलिस का एक्शन
पंचकूला/ 23 अक्टूबर:- पंचकूला की सड़कों पर यातायात नियमों की अनदेखी कर हुड़दंगबाजी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पंचकूला पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग की जा रही है। जिसके तहत सेक्टर-4 मार्केट में चेकिंग के दौरान एक मॉडिफाइड विंटेज जीप पकड़ी गई, जिसमें यातायात नियमों की कई उल्लंघनाएं पाई गईं। पुलिस ने जीप का 28,500 रुपये का चालान कर वाहन को जब्त कर लिया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने बताया कि सेक्टर-4 मार्केट में चेकिंग के दौरान पुलिस को एक मॉडिफाइड विंटेज जीप मिली, जिस पर काली फिल्म लगी हुई थी और नंबर प्लेट भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थी। इसके अलावा, जीप में तेज आवाज में म्यूजिक बजाया जा रहा था और उसमें कुछ युवक सवार थे। पुलिस द्वारा जांच करने पर यातायात नियमों के अन्य उल्लंघन भी सामने आए। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जीप का 28,500 रुपये का चालान किया और वाहन को जब्त कर लिया।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि पंचकूला पुलिस यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले और सड़कों पर हुड़दंगबाजी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। ऐसे वाहन चालकों को इस कार्रवाई से सबक लेना चाहिए और समझना चाहिए कि सड़कें हुड़दंगबाजी करने की जगह नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ वाहन चलाने के लिए हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सड़क पर हुडदंगबाजी और नियमों की अनदेखी करने के बजाय एक जिम्मेदार नागरिक बनें तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहें।