डंकी रुट से अमेरीका भेजने के नाम पर 12.30 लाख रुपये के फ्रॉड में शामिल चौथे आरोपी को पंचकूला पुलिस ने अमृतसर एयरपोर्ट से दबोचा
मलेशिया भागने की फिराक में था आरोपी, कोर्ट से 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल
पंचकूला/ 10 जुलाई:- विदेश भेजने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले एजेंटों के खिलाफ पंचकूला पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देशों के तहत जिला पुलिस की एंटी एमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 12.30 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पहले ही लुक-आउट सर्कुलर जारी किया गया था। इसी एलओसी के आधार पर आरोपी को अमृतसर एयरपोर्ट पर उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह मलेशिया जाने की फिराक में था। आरोपी को पंचकूला लाकर अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उससे गहन पूछताछ और ठगी की रकम की बरामदगी के लिए तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
जानकारी के अनुसार थाना रायपुररानी में 7 मार्च 2024 को पंचकूला निवासी व्यक्ति की शिकायत पर आईपीसी की धारा 406, 420, 120-बी तथा इमिग्रेशन एक्ट की धारा 24 के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उसे कानूनी तरीके से टूरिस्ट वीजा पर अमेरिका भेजने का झांसा देकर कुल 38 लाख रुपये में सौदा तय किया और शुरुआती तौर पर उससे 12 लाख 30 हजार रुपये ऐंठ लिए। आरोपियों ने पहले उसे दुबई भेजा, फिर वहां से आर्मेनिया भेज दिया और लगातार अमेरिका भेजने का झूठा भरोसा देते रहे। जब शिकायतकर्ता को अपने साथ हुए फ्रॉड का एहसास हुआ तो वह भारत लौट आया और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता के अनुसार मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले इस गिरोह के तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बलजिंद्र, विकास उर्फ विक्की तथा पंकज चौहान को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ न्यायालय में चालान प्रस्तुत कर दिया था। वहीं मुख्य आरोपी आजाद सिंह निवासी पानीपत लगातार फरार चल रहा था और उसके विरुद्ध 23 जून 2024 को लुक-आउट सर्कुलर जारी कराया गया था।
दिनांक 9 जुलाई 2026 को अमृतसर एयरपोर्ट से सूचना मिली कि एलओसी के आधार पर आरोपी आजाद सिंह को एयरपोर्ट पर डिटेन कर लिया गया है। सूचना मिलते ही एंटी एमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट की टीम अमृतसर पहुंची और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर पंचकूला ले आई। मामलें की जांच एएसआई जगपाल शर्मा द्वारा की जा रही है।
आज आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने खुलासे में एक अन्य साथी की संलिप्तता की जानकारी दी है, जिसकी तलाश जारी है। इसके अलावा आरोपी के हिस्से में आई धोखाधड़ी की रकम की बरामदगी भी की जानी है।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने नागरिकों से अपील की है कि विदेश जाने के लिए केवल सरकार से अधिकृत एवं लाइसेंसधारी इमिग्रेशन एजेंटों की ही सेवाएं लें। किसी भी व्यक्ति के झूठे प्रलोभन या बिना लाइसेंस विदेश भेजने के दावों पर विश्वास न करें। यदि कोई व्यक्ति विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस अथवा एंटी एमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट को दें, ताकि समय रहते कानूनी कार्रवाई कर ऐसे गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
Uklana, Hissar | Jul 10, 2026