पीएम श्री जी.एस.एस.एस. भुंतर में 'आश बाल विकास केंद्र' द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
Kullu Times
आज पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (GSSS) भुंतर में 'आश बाल विकास केंद्र' (साम्फिया फाउंडेशन, कुल्लू) के सौजन्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले (दिव्यांग) बच्चों की समय पर पहचान करना और उन्हें सही थेरेपी व चिकित्सा प्रदान करने के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान 'साम्फिया फाउंडेशन' के विशेषज्ञों ने स्कूल के शिक्षकों, बच्चों और उपस्थित लोगों को जानकारी देते हुए बताया कि 'आश बाल विकास केंद्र' (रामबाग, अखाड़ा बाजार, कुल्लू) द्वारा विशेष बच्चों के लिए निम्नलिखित सेवाएं प्रदान की जा रही हैं:
फ़िज़ियोथैरेपी और ऑक्युपेशनल थैरेपी (शारीरिक विकास के लिए)
स्पीच थैरेपी (बोलने में आ रही दिक्कतों को सुधारने के लिए)
स्पेशल एजुकेशन एवं काउंसलिंग सेवाएँ (सीखने और मानसिक विकास के लिए)
विशेषज्ञों ने बताया कि यदि समाज या आसपास कोई ऐसा बच्चा है जो स्वयं चल, बैठ या बोल नहीं सकता, जिसकी गर्दन नहीं टिकती, जो रोजमर्रा के काम खुद नहीं कर पाता या पढ़ने-लिखने में बहुत कमजोर है; तो उसे बिना देरी किए केंद्र में लाना चाहिए ताकि समय रहते विशेषज्ञों की देखरेख में उसका इलाज शुरू हो सके।
कार्यक्रम के अंत में पाठशाला के प्रधानाचार्य तिलक राज ने भी विशेष रूप से इस सत्र में भाग लिया। उन्होंने साम्फिया फाउंडेशन की इस मानवीय व सराहनीय पहल की प्रशंसा की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा:"दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। इस तरह के जागरूकता शिविरों से न केवल अभिभावकों को सही मार्गदर्शन मिलता है, बल्कि बच्चों का भविष्य भी संवरता है। हमारे स्कूल का स्टाफ और बच्चे इस संदेश को घर-घर तक पहुँचाने में अपना पूरा सहयोग देंगे।"अंत में प्रधानाचार्य ने संस्था से आए सभी प्रतिनिधियों का धन्यवाद किया और कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।
Kullu, Kullu | Jul 16, 2026