नेपाल में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए लायन्स इंटरनेशनल ने शुरू की ट्रॉली सेवा, राहत सामग्री पहुंचाने में मिलेगी बड़ी मदद
भोटेकोशी बाढ़ पीड़ितों के लिए विदुर और तारकेश्वर में शुरू हुई विशेष ट्रॉली सेवा, प्रधानमंत्री बालेन शाह ने लायन्स के सेवा कार्यों की सराहना की
नेपाल। बाढ़ की भीषण त्रासदी से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से लायन्स इंटरनेशनल के आर्थिक सहयोग से ट्रॉली सेवा का संचालन शुरू किया गया है। भोटेकोशी बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को गति देने के लिए विदुर और तारकेश्वर में इस सेवा की शुरुआत की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य दुर्गम एवं प्रभावित इलाकों में आवागमन सुगम बनाना और राहत सामग्री को जरूरतमंदों तक पहुंचाना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों तरफ आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 7.5 हॉर्स पावर की मोटर से संचालित ट्रॉली व्यवस्था की गई है। इस सेवा से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही आसान होने के साथ-साथ आवश्यक सहयोग सामग्री को निर्धारित स्थलों तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण सेवा कार्य की जानकारी लायन्स इंटरनेशनल के अंतरराष्ट्रीय निदेशक राजन लम्साल, पूर्व अंतरराष्ट्रीय निदेशक ई. संजय खेतान तथा प्राकृतिक आपदा के दौरान राहत कार्यों में सक्रिय कैबिनेट सचिव अनुज श्रेष्ठ द्वारा साझा की गई है। उनके अनुसार, लायन्स इंटरनेशनल की आर्थिक सहभागिता से इस सेवा की शुरुआत की गई है, ताकि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को कठिन परिस्थितियों में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने अपने प्रेषित संदेश में बाढ़ की विषम परिस्थितियों के बीच लायन्स इंटरनेशनल द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए इसकी सराहना की है।
प्राकृतिक आपदा के समय राहत सामग्री पहुंचाना और प्रभावित लोगों के लिए आवागमन की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में मोटर चालित ट्रॉली सेवा की शुरुआत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं सहायता कार्यों को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
लायन्स इंटरनेशनल की इस पहल से बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने और दुर्गम क्षेत्रों में सहायता कार्यों को प्रभावी बनाने में सहयोग मिलने की उम्मीद है।
Dumra, Sitamarhi | Oct 20, 2026