पूर्व मध्य रेलवे के जीएम छत्रशाल सिंह एवं डीआरएम विनोद कुमार ने किया लखीसराय संग्रहालय का भ्रमण
लखीसराय। पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) छत्रशाल सिंह एवं दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विनोद कुमार ने शुक्रवार को लखीसराय स्थित संग्रहालय का भ्रमण किया। इस दौरान उनके साथ रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
संग्रहालय पहुंचने पर सहायक संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार ने महाप्रबंधक छत्रशाल सिंह को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इसके बाद अधिकारियों ने संग्रहालय में संरक्षित प्राचीन एवं ऐतिहासिक मूर्तियों का अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान सहायक संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार ने अधिकारियों को संग्रहालय में संरक्षित दुर्लभ पुरावशेषों, प्राचीन मूर्तियों तथा उनके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी। इसके पश्चात रेलवे अधिकारियों ने संग्रहालय के अत्याधुनिक सभागार (ऑडिटोरियम) में 'लखीसराय गान' का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर संग्रहालय के तकनीकी सहायक राजेश कुमार सहित संग्रहालय परिवार के अंकित कुमार, ऋषभ कुमार, राजेंद्र यादव, राहुल कुमार, रवि राज, सादिक आलम एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
भ्रमण के अंत में महाप्रबंधक छत्रशाल सिंह, डीआरएम विनोद कुमार एवं अन्य अधिकारियों ने संग्रहालय में संरक्षित दुर्लभ मूर्तियों, ऐतिहासिक धरोहरों तथा संग्रहालय की उत्कृष्ट व्यवस्था की सराहना करते हुए इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की।