पटाखों की अस्थायी दुकानों के बाद I ब्लॉक चौक पर प्लास्टिक के ढेर, शहर की सुंदरता पर लगा ग्रहण
सफाई की जिम्मेदारी आखिर किसकी? दुकानदार भी समझें अपनी नैतिक जिम्मेदारी
PB74NEWS
नंगल के I ब्लॉक चौक में दीपावली के अवसर पर पटाखों की अस्थायी दुकानें लगाए जाने के बाद अब वहां प्लास्टिक के लिफाफों और अन्य कचरे के ढेर दिखाई दे रहे हैं। त्योहार के दौरान जहां इस स्थान पर लोगों की काफी चहल-पहल रही, वहीं अब दुकानों के हटने के बाद बिखरी गंदगी शहर की सुंदरता पर ग्रहण लगा रही है।
सवाल यह उठता है कि आखिर इस गंदगी की सफाई की जिम्मेदारी किसकी है? क्या केवल नगर परिषद या सफाई कर्मचारियों की ही जिम्मेदारी बनती है? यदि अस्थायी दुकानदारों को किसी स्थान पर दुकान लगाने की अनुमति दी जाती है, तो उन्हें भी उस स्थान की स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी समझनी चाहिए।
कम से कम प्रत्येक दुकानदार अपनी दुकान के आसपास पड़े प्लास्टिक के लिफाफों और अन्य कचरे को स्वयं एकत्रित कर उचित स्थान पर डाल सकता है। इससे न केवल सफाई कर्मचारियों का काम आसान होगा, बल्कि शहर की सुंदरता भी बनी रहेगी।
I ब्लॉक चौक पर दुकान लगाने वाले सभी दुकानदारों से अपील है कि वे अपनी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी निभाते हुए इस स्थान की सफाई सुनिश्चित करें। शहर हम सभी का है और इसे स्वच्छ रखना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।