सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जन-जाग जागरूकता लाने के उद्देश्य से आज सतना कलेक्टोरेट परिसर में एक विशेष अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कार्यालय आने वाले कर्मचारियों और आगंतुकों को दो पहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने के प्रति प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान जो कर्मचारी और आगंतुक बिना हेलमेट के कार्यालय पहुंचे, उनके विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। वहीं, यातायात नियमों का पालन करते हुए हेलमेट पहनकर आने वाले वाहन चालकों को अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया ताकि अन्य लोग भी इनसे प्रेरणा ले सकें। इसके साथ ही, सड़क सुरक्षा का संदेश देने और लोगों को जागरूक करने के लिए निःशुल्क हेलमेट का वितरण भी किया गया।
इस पूरी कार्रवाई और जागरूकता अभियान में एसडीएम रघुराज नगर सतना श्री राहुल सिलादिया, ट्रैफिक डीएसपी श्रीमती पूनम रावत, ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर श्रीमती रामदेवी राय सहित यातायात विभाग का अन्य मैदानी अमला प्रमुख रूप से उपस्थित रहा।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी शासकीय कर्मचारी और कार्यालय आने वाले प्रत्येक आगंतुक अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं।