शेखपुरा सूरदासपुर पहाड़ की खाई में डूबने से छात्र की मौत, दोस्तों के सामने पानी में समाया अमन कुमार।
शेखपुरा के सूरदासपुर पहाड़ की खाई में रविवार को स्नान करने के दौरान एक छात्र के डूबने की खबर सामने आई है। मृतक छात्र की पहचान करिहो गांव निवासी संजय यादव के पुत्र अमन कुमार उर्फ प्रियांशु के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि अमन कुमार अपने छह दोस्तों के साथ सूरदासपुर पहाड़ की खाई में स्नान करने पहुंचा था। इसी दौरान वह पानी में तैर रहा था। जब दूसरी बार लम्बी छलांग लगाया फिर पानी में समा गया।उसके एक दोस्त कुछ दूरी पर था।जब तक वह अमन के पास पहुंचा, तब तक वह गहरे पानी में डूब चुका था। दोस्तों ने बताया कि उनकी आंखों के सामने अमन पानी में समा गया।
घटना की सूचना मिलते ही शेखपुरा टाउन थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से छात्र की तलाश शुरू की गई, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद शव बरामद नहीं हो सका।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं अमन की मौत की खबर से करिहो गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस और स्थानीय लोग शव की तलाश में जुटे हुए हैं।
थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पटना से गोताखोर को बुलाया गया है।