चित्रकूट: घर पर प्रसव के दौरान 22 वर्षीय महिला की मौत, नवजात बच्ची की हालत गंभीर
पहाड़ी (चित्रकूट)। पहाड़ी कस्बे के लोहदा रोड स्थित किराए के मकान में सोमवार सुबह दर्दनाक घटना सामने आई। घर पर प्रसव के दौरान 22 वर्षीय सरोज निषाद की मौत हो गई, जबकि नवजात बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पति गया था गांव, घर पर अकेली थी गर्भवती महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरोज निषाद अपने पति राजा निषाद के साथ पहाड़ी कस्बे के लोहदा रोड स्थित किराए के मकान में रहती थी। उसका पति मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। राजा निषाद ने बताया कि रविवार शाम करीब पांच बजे वह अपनी मां को लेने गांव सगवारा चला गया था। उस समय उसकी गर्भवती पत्नी घर पर अकेली थी। रात में अचानक प्रसव पीड़ा होने पर महिला ने घर में ही बच्ची को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के दौरान उसकी मौत हो गई।
सुबह पड़ोसियों ने देखा दर्दनाक दृश्य
सोमवार सुबह करीब सात बजे पड़ोसियों ने महिला को घर में अर्धनग्न अवस्था में पड़ा देखा। उसका शरीर नीला पड़ चुका था और कोई हलचल नहीं दिखाई दे रही थी। पास में पड़ी नवजात बच्ची की सांसें चल रही थीं, लेकिन उसकी हालत गंभीर थी। ग्रामीणों ने तत्काल पति को सूचना देने के साथ डायल 112 और एंबुलेंस को भी जानकारी दी।
सीएचसी अधीक्षक के निर्देश पर बच्ची को मिला उपचार
घटना की जानकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़ी के अधीक्षक डॉ. उदय प्रताप सिंह को दी गई। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को तत्काल उपचार के निर्देश दिए। स्टाफ नर्सों ने नवजात बच्ची को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दो मासूम बेटियों के सिर से उठा मां का साया
इस घटना से परिवार में मातम पसरा है। सरोज निषाद अपने पीछे तीन वर्षीय बेटी और नवजात बच्ची को छोड़ गई है। पत्नी की मौत से पति राजा निषाद पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाने वाले राजा के सामने अब दोनों मासूम बेटियों के पालन-पोषण की बड़ी जिम्मेदारी है। घर पर प्रसव के दौरान हुई इस दर्दनाक घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
Karwi, Chitrakoot | Oct 12, 2026