प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
13 जून 2026
शीर्षक: केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), द्वारा विज्ञापित मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही के पदों पर चयन हेतु लिखित परीक्षा की तैयारियाँ पूर्ण, संयुक्त ब्रीफिंग में जिला प्रशासन ने दिए कड़े निर्देश।
जमुई : केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), पटना द्वारा विज्ञापित मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही के पदों पर चयन हेतु 14 जून और 17 जून को आयोजित होने वाली आगामी लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन जमुई द्वारा सभी प्रशासनिक और सुरक्षात्मक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। इस परीक्षा को पूरी तरह स्वच्छ, शांतिपूर्ण, कदाचार मुक्त और पारदर्शी माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय ब्रीफिंग बैठक संपन्न हुई। इस संयुक्त ब्रीफिंग में जिले के सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, जोनल मजिस्ट्रेटों और केन्द्राधीक्षकों को परीक्षा के सफल संचालन हेतु उनके दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई और पूरी मुस्तैदी के साथ कर्तव्य निभाने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने इस परीक्षा को पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सर्वोच्च सतर्कता बरतने का कड़ा निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को विशेष रूप से 'आंख-कान खुले रखने' की हिदायत दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सेंधमारी की हर गुंजाइश को खत्म करने के लिए इस बार बाहर से आने वाली निजी एजेंसियों के तकनीकी कर्मियों की भी अत्यंत बारीकी से सघन जांच की जाए।
सुरक्षा और तकनीकी तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने केंद्रों पर समय से सघन फ्रिस्किंग शुरू करने तथा सभी तकनीकी मशीनों की क्रियाशीलता का पहले ही पूरी तरह परीक्षण करने का निर्देश दिया । जिला प्रशासन ने चूक के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई है, जिसके तहत न केवल बाहरी कर्मियों बल्कि परीक्षा हॉल में तैनात वीक्षकों की गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी जाएगी और उनकी बारीकी से जांच होगी।
इस परीक्षा के सफल संचालन के लिए जमुई जिले में कुल 13 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। यह परीक्षा कल 14 जून 2026 (रविवार) तथा 17 जून 2026 (बुधवार) को दो अलग-अलग तिथियों में आयोजित की जाएगी। दोनों ही तिथियों में परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा, जिसमें प्रथम पाली पूर्वाह्न 10.00 बजे से मध्याह्न 12.00 बजे तक और द्वितीय पाली अपराह्न 03.00 बजे से अपराह्न 05.00 बजे तक निर्धारित है। प्रथम पाली में अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग टाइम 8 बजे पूर्वाह्न एवं द्वितीय पाली के लिए रिपोर्टिंग टाइम 1: 00 बजे निर्धारित है। प्रथम पाली में अभ्यर्थियों को पूर्वाह्न 9 बजे और द्वितीय पाली में अपराह्न 2 बजे तक ही परीक्षा में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इस पूरी परीक्षा के दौरान जमुई जिले के सभी केंद्रों को मिलाकर कुल 19,104 परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है, जिनके लिए केंद्रों पर सिटिंग प्लान से लेकर अन्य सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।
परीक्षा में कदाचार को पूरी तरह रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा त्रिस्तरीय दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में स्टैटिक मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और उड़नदस्ता दंडाधिकारियों के साथ भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहेगा। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक जैमर लगाए गए हैं, जिससे किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का दुरुपयोग न किया जा सके। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा, जहाँ मुख्य द्वार पर उनकी सघन शारीरिक जांच की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए महिला पुलिस कर्मियों की निगरानी में अलग से घेरायुक्त सुरक्षित स्थल बनाए गए हैं।
परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच , पेन या अन्य कोई भी इलेक्ट्रॉनिक सामग्री ले जाना पूर्णतः वर्जित है। यदि कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग करते हुए या किसी भी प्रकार के कदाचार में लिप्त पाया जाता है, तो उसकी उम्मीदवारी तुरंत रद्द करते हुए बिहार लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत अत्यंत कठोर दंडात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रश्नपत्रों के सीलबंद बक्से खोलने से लेकर ओएमआर शीट को सुरक्षित पैक करने तक की पूरी प्रक्रिया की अनिवार्य रूप से सतत वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
परीक्षा के दिन सुबह से ही आस-पास की सभी फोटो कॉपियर दुकानें बंद रहेंगी। संयुक्त ब्रीफिंग के समापन पर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों को सचेत किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।
#jamuinews #districtmagistratejamui #jamuiadministration #jamui #जमुई_प्रशासन #jamuiupdate Information & Public Relations Department, Government of Bihar General Administration Department, Govt. of Bihar
Jamui, Bihar | Jun 13, 2026