बिशुनपुर के बनालात गांव में ग्राम सभा ने लिया बड़ा फैसला, पेसा कानून के तहत आय ग्राम सभा कोष में जमा करने का निर्णय
गुमला। बिशुनपुर प्रखंड के बनालात गांव में पारंपरिक ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेसा कानून और झारखंड पेसा नियमावली 2025 के तहत ग्राम सभा को मिलने वाले राजस्व और अन्य आय को ग्राम सभा कोष में जमा करने का निर्णय लिया गया।
ग्राम सभा ने राजस्व अधिकार के तहत मिलने वाली धनराशि, प्रोत्साहन राशि, दंड एवं शुल्क राशि, लघु खनिज और वन उपज से प्राप्त रॉयल्टी, तालाब लीज से मिलने वाला राजस्व, बाजार प्रबंधन शुल्क, बालू घाट से प्राप्त शुल्क तथा अन्य आय को ग्राम सभा कोष में जमा करने पर सहमति जताई।
बैठक में पेसा राज्य स्तरीय प्रशिक्षक (PESS SLMT) संतोष कुमार महतो तथा JLKM के दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल अध्यक्ष कृष्णा चिक बड़ाईक सहित रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला और लोहरदगा से जुड़े संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
पारंपरिक ग्राम सभा बनालात के अध्यक्ष बैग रामवृक्ष खेरवार, ग्राम प्रधान भिखराम उरांव, कपिल उरांव और अन्ज उरांव सहित बाजार प्रबंध समिति की अध्यक्ष लिलावती देवी, सचिव संध्या देवी और कोषाध्यक्ष जगवा उरांव समेत अन्य सदस्यों ने पेसा नियमावली के तहत मिले अधिकारों को धरातल पर लागू करने की दिशा में काम करने की बात कही।
बैठक में यह भी कहा गया कि आने वाले समय में प्रत्येक गांव की पारंपरिक ग्राम सभा को मजबूत करने और पेसा कानून के तहत मिले अधिकारों को लागू कराने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
वहीं, केंद्रीय कानून के तहत प्रस्तावित MMDR बिल को लेकर भी विरोध जताया गया। बैठक में शामिल लोगों ने कहा कि खनिज संसाधनों से जुड़े अधिकारों और राज्य के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि “जमीन हमारी, खनिज हमारा” के मुद्दे को लेकर ग्रामीण स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
#PESA #PESAAct #Jharkhand #Bishunpur #Gumla #Banalaat #GramSabha #PESA2025 #JharkhandNews #MMDRBill #JLKM #AdivasiRights #खनिज_अधिकार #ग्रामसभा #झारखंड
Bariyatu, Latehar | Aug 23, 2026