महाराष्ट्र के मलशेज घाट से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। कालू झरने के पास सेल्फी लेते समय एक युवक का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव के साथ खाई की ओर बहने लगा। गनीमत रही कि खाई में गिरने से पहले उसका हाथ एक चट्टान से अटक गया, जिससे उसकी जान बच गई। मौके पर मौजूद पर्यटकों ने हिम्मत दिखाते हुए साड़ियों और कपड़ों को जोड़कर अस्थायी रस्सी बनाई और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि बारिश के मौसम में झरनों और खतरनाक जगहों पर सेल्फी लेना जानलेवा साबित हो सकता है।