गोंडा के मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बक्सरा गांव में रविवार दोपहर एक 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान लक्ष्मी पत्नी राजकुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मृतका के पति राजकुमार और उनके परिजनों ने मनकापुर कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाकर गहनता से जांच-पड़ताल की।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने निकल कर आई है कि महिला ने घर के कमरे के अंदर फांसी लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या की है। हालांकि, परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव को फंदे से नीचे उतारकर बेड पर लिटा दिया था। मृतका के गले पर फांसी के फंदे के स्पष्ट निशान भी मिले हैं। फिलहाल मनकापुर कोतवाली पुलिस पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच कर रही है और मौत का असल कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।
#GondaNews #Mankapur #CrimeNews #UPPolice #GondaPolice
Gonda, Gonda | Jul 12, 2026