पटना स्नातक चुनाव को लेकर एनडीए कार्यकर्ताओं की बैठक।
नीरज कुमार को जिताने का आह्वान।
पटना,फुलवारी शरीफ। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार की जीत को लेकर शनिवार को फुलवारी शरीफ के विधायक श्याम रजक के होर्डिंग रोड स्थित आवास पर एनडीए कार्यकर्ताओं की संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनडीए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर नीरज कुमार को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। हालांकि, संवाद कार्यक्रम के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी खुलकर सामने आई।
कार्यक्रम में मौजूद कुछ कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी और संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं को नेताओं से संवाद और सम्मान की अपेक्षा रहती है। कुछ कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जब वे किसी काम के सिलसिले में विधायक नीरज कुमार से मिलने जाते हैं तो कई बार उन्हें पहचानने से भी इनकार कर दिया जाता है। कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि फुलवारी शरीफ, मसौढ़ी, पुनपुन और नौबतपुर जैसे क्षेत्रों में नीरज कुमार का कार्यकर्ताओं के बीच पर्याप्त संपर्क नहीं रहा है। उनका कहना था कि इन इलाकों में नीरज कुमार कई बार अपने कार्यकर्ताओं से मिलने तक नहीं पहुंचते हैं।
कार्यकर्ताओं की नाराजगी के बीच जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने कहा कि एनडीए ने उन्हें पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि जदयू अपने कर्म, संगठन की मजबूती और अनुशासन के बल पर यह चुनाव जीतेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव को लेकर पूरी ताकत के साथ जुटने और एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदाताओं से संपर्क करने की अपील की।
वहीं, कार्यक्रम में मौजूद जदयू के वरिष्ठ नेता सह विधायक श्याम रजक ने कहा कि जदयू एक मजबूत और अनुशासित राजनीतिक संगठन है। उन्होंने कहा कि पार्टी पर किसी भी प्रकार के विरोध का कोई असर नहीं पड़ने वाला है। नीरज कुमार के खिलाफ अनंत कुमार द्वारा किए जा रहे विरोध के सवाल पर श्याम रजक ने कहा कि कौन क्या कह रहा है, इससे पार्टी को कोई मतलब नहीं है। एनडीए ने नीरज कुमार को पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया है और पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है।
फुलवारी शरीफ नगर परिषद के अध्यक्ष आफताब आलम ने भी कहा कि अनंत सिंह के विरोध का चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में काम करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच पहुंचकर सरकार और संगठन की नीतियों को बताने तथा नीरज कुमार के समर्थन में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया।
Mokameh, Patna | Sep 19, 2026