तस्वीरों और रंगों में जीवंत हुई 'छोटी काशी' की गौरवगाथा
बूंदी के 785वें स्थापना दिवस पर भव्य फोटो एवं चित्रकला प्रदर्शनी का शुभारंभ
बूंदी, 24 जून। 'छोटी काशी' के नाम से विख्यात बूंदी के 785वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को पर्यटन सूचना केंद्र में फोटो एवं चित्रकला प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी में जहां एक ओर ड्रोन कैमरों से कैद शहर की ऐतिहासिक धरोहरों ने दर्शकों को रोमांचित किया, वहीं दूसरी ओर कैनवास पर उकेरी गई 'बूंदी शैली' की कलाकृतियों ने रियासतकालीन वैभव को जीवंत कर दिया।
प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव, जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, महामंत्री संजय लाठी और उपखण्ड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा ने फीता काटकर किया। इससे पूर्व, पर्यटन अधिकारी प्रेम शंकर और संग्रहालय सहायक जगदीश वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया।
ड्रोन के नजरिए से निखरी 'बावड़ियों के शहर' की आभा
प्रदर्शनी का सबसे बड़ा आकर्षण ड्रोन से खींची गई तस्वीरें रहीं, जिनमें बूंदी का विहंगम और नयनाभिराम दृश्य देखने को मिला। तारागढ़ का किला, रानी जी की बावड़ी, 84 खंभों की कलात्मक छतरी, जैतसागर और नवल सागर झील की ड्रोन तस्वीरें दर्शकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनी रही। छायाकार नारायण मण्डोवरा के कैमरे से 'बूंदी की गलियां' और 'बावड़ियों का शहर' एक बिल्कुल नए और मनमोहक रूप में नजर आया, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
कैनवास पर आधुनिक कला और 'बूंदी शैली' का अनूठा संगम
प्रदर्शनी के चित्रकला खंड में विश्व प्रसिद्ध 'बूंदी लघु चित्रशैली' के साथ आधुनिक कला का बेहतरीन फ्यूजन देखने को मिला। राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के साथ-साथ 'बूंदी ब्रश' के स्थानीय चित्रकारों ने अपनी कूची से जादू बिखेरा। स्थानीय चित्रकार सुनील जांगिड़, पंकज सिसोदिया, विवेक उतरेजा और हर्षा गौड़ ने अतिथियों को अपनी पेंटिंग्स की बारीकियों और थीम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इन कलाकृतियों में बूंदी के प्राचीन किले, भव्य महल, यहां के सादगीपूर्ण लोक जीवन और रंग-बिरंगे त्योहारों को इस कदर उकेरा गया कि वे कैनवास पर बोलते हुए से प्रतीत हुए।
इस अवसर पर शहर के कला प्रेमियों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में इंटेक के संयोजक राजकुमार दाधीच, अरिहंत सिंह चरडास, पुरातत्ववेत्ता ओमप्रकाश कुक्की, राजेन्द्र भारद्वाज, रामेष्ट युवा मंडल के विवेक गुर्जर और अशोक तलवास सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।