पंतनगर विवि पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान: छात्रों से किया संवाद, खुद खेत में उतरकर की धान की रोपाई
पंतनगर (ऊधमसिंहनगर)।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश के प्रतिष्ठित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिकों और छात्र-छात्राओं के साथ सीधा संवाद किया। कृषि मंत्री ने न सिर्फ कृषि जगत की नई तकनीकों और भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा की, बल्कि एक पारंपरिक किसान के रूप में खुद विश्वविद्यालय के अनुसंधान फार्म (खेत) में उतरकर छात्र-छात्राओं व वैज्ञानिकों के साथ धान की रोपाई भी की।
'जवान' और 'किसान' के साथ 'विज्ञान' का तालमेल जरूरी
विश्वविद्यालय के मुख्य प्रेक्षागृह में आयोजित संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भारत को कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाने में युवाओं और कृषि वैज्ञानिकों की भूमिका सबसे अहम है।