बाजपुर महाविद्यालय में आमरण अनशन को बाजवा का समर्थन
छात्रों की मांगें शीघ्र पूरी करने की मांग
बाजपुर। राजकीय महाविद्यालय बाजपुर में भूगोल, अर्थशास्त्र, गृह विज्ञान, शिक्षाशास्त्र सहित अन्य विषयों को प्रारंभ किए जाने की मांग को लेकर छात्र नेता रोहित कुमार एवं छात्रा गुनगुन द्वारा 31 जुलाई से आमरण अनशन किया जा रहा है।
रविवार को राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता एवं किसान नेता जगतार सिंह बाजवा अपने साथियों के साथ अनशन स्थल पर पहुंचे और आंदोलनरत छात्रों को अपना पूर्ण समर्थन दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों की जायज मांगों की लगातार उपेक्षा किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि महाविद्यालय में आवश्यक विषय प्रारंभ किए जाते हैं तो क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी और उन्हें अन्य शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने उत्तराखंड सरकार, उच्च शिक्षा विभाग एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से अपील की कि छात्रों की मांगों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि आंदोलन समाप्त हो सके और विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित हो।
इस दौरान पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रवीण कुमार कंबोज, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सतनाम सिंह दांगी, पूर्व छात्रसंघ सचिव राजकिशोर सिंह, समाजसेवी सुनील पाठक, छात्र नेता दीपक पांडे, संजीव कुमार, शेर सिंह, रवि कुमार सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में आंदोलनरत छात्रों के संघर्ष का समर्थन करते हुए उनकी मांगों को न्यायोचित बताया।