एकता और अखंडता के संदेश के साथ निकली ‘रन फॉर यूनिटी यात्रा
राष्ट्रीय एकता दिवस पर अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने लिया एकता का संकल्प
सेठानी घाट से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक आयोजित हुई एकता दौड़, सरदार वल्लभभाई पटेल को किया नमन
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को नर्मदापुरम में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। सुबह 7:30 बजे सेठानी घाट से प्रारंभ हुई एकता दौड़ में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, विद्यार्थियों, युवाओं और शहर के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश लेकर निकली यह दौड़ सेठानी घाट से प्रारंभ होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची।
आयोजन में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ, जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साह के साथ दौड़ में भाग लेकर राष्ट्रीय एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की संप्रभुता बनाए रखने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए हम सभी को देश की एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से नर्मदापुरम के नागरिकों ने एकजुटता का संदेश देते हुए यह संकल्प दोहराया कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav General Administration Department, MP Jansampark Madhya Pradesh Home Department of Madhya Pradesh Department of Culture, Madhya Pradesh
Hoshangabad, Madhya Pradesh | Oct 31, 2026