लखनपुर विद्युत सबस्टेशन की बदहाल व्यवस्था पर ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, जेईएन की तैनाती की मांग
नदबई/लखनपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह क्षेत्र की उप तहसील लखनपुर स्थित विद्युत सबस्टेशन की बदहाल व्यवस्था को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने समाजसेवी एवं एडवोकेट महेश लखनपुर के नेतृत्व में उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और क्षेत्रीय विधायक कुंवर जगतसिंह का ध्यान आकर्षित करते हुए विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
महेश लखनपुर ने बताया कि लखनपुर विद्युत सबस्टेशन पर कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) का कार्यालय संचालित है, जहां विशाल चौधरी कार्यरत हैं। लेकिन पिछले छह माह से उन्हें उच्चैन विद्युत सबस्टेशन का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इससे लखनपुर क्षेत्र के किसानों और उपभोक्ताओं के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कार्यालय में अधिकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए करीब 15 किलोमीटर दूर उच्चैन विद्युत सबस्टेशन के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे समय और धन दोनों की अनावश्यक बर्बादी हो रही है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कृषि एवं घरेलू बिजली कनेक्शन, जली हुई केबलों की मरम्मत, क्षतिग्रस्त पोलों का सुधार, ट्रांसफार्मर फेल होने की रिपोर्ट, नए कृषि व घरेलू कनेक्शन, खराब मीटर बदलवाने तथा विद्युत कनेक्शन से जुड़ी ऑनलाइन फाइलों के निस्तारण जैसे अनेक कार्य लंबे समय से लंबित पड़े हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जेईएन विशाल चौधरी का अतिरिक्त प्रभार हटाकर उन्हें पुनः पूर्णकालिक रूप से लखनपुर विद्युत सबस्टेशन पर तैनात नहीं किया गया, तो मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और क्षेत्रीय विधायक कुंवर जगतसिंह को इस समस्या से अवगत कराते हुए बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर धरना-प्रदर्शन के साथ आमरण अनशन भी शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान, उपभोक्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
Weir, Bharatpur | Jul 11, 2026