उच्चैन में खाद-बीज दुकानों पर एसडीएम का औचक निरीक्षण, किसानों को उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश
उच्चैन (भरतपुर) । किसानों को समय पर और निर्धारित सरकारी दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसडीएम सुरेश हरसोलिया ने सहायक कृषि अधिकारी दिगम्बर झा एवं कृषि पर्यवेक्षक हरिओम सिंह के साथ क्षेत्र की खाद-बीज दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान लक्ष्मी खाद बीज भंडार, अग्रवाल एग्रो सेल्स, कुंवर सिंह खाद बीज, पटेल खाद बीज, सुभाष खाद बीज, जय शिव खाद बीज, पाराशर खाद बीज तथा चौधरी खाद बीज सहित कई दुकानों पर यूरिया एवं डीएपी के स्टॉक की जांच की गई।
एसडीएम ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिए कि किसानों को यूरिया और डीएपी केवल निर्धारित सरकारी दर पर ही उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक बिक्री आधार नंबर के सत्यापन के बाद पीओएस (POS) मशीन के माध्यम से ही की जाए, ताकि वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी दुकान पर उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी या अन्य अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि यदि कहीं अधिक कीमत वसूली जाए या किसी प्रकार की गड़बड़ी मिले तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें।
Weir, Bharatpur | Jul 11, 2026