पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित द्वारा कांवड़ यात्रा मार्ग का किया गया स्थलीय निरीक्षण, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश ।
शाहजहांपुर -श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद के कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा कांवड़ियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा, सुरक्षा-व्यवस्था तथा यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा मार्ग पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ड्यूटी के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
पुलिस अधीक्षक द्वारा कांवड़ यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस बल को निर्देशित किया गया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी सजगता, सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करें तथा कांवड़ियों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। कांवड़ यात्रा के दौरान मार्ग पर किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो, इसके लिए लगातार भ्रमणशील रहकर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
साथ ही पुलिस अधीक्षक द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, कांवड़ यात्रा मार्ग पर अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न होने देने तथा निर्धारित यातायात डायवर्जन एवं व्यवस्थाओं का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया। मार्ग पर भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यकतानुसार पुलिस बल की त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।
पुलिस अधीक्षक द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति, विवाद अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कांवड़ियों एवं आमजन के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने हेतु सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण मनोयोग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक पुलिस प्रबंध किए गए हैं तथा कांवड़ियों एवं आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा हेतु पुलिस बल लगातार मुस्तैद है।