बाल श्रम मुक्त राष्ट्र बनाने का लिया संकल्प, भीमनगर थाना परिसर में अधिकारियों व जवानों ने ली शपथ।
भीमनगर थाना परिसर में थानाध्यक्ष मनीष कुमार के नेतृत्व में सभी पुलिस अधिकारियों एवं बल कर्मियों ने बाल श्रम उन्मूलन के प्रति जागरूकता फैलाने और राज्य को बाल श्रम मुक्त बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान सभी ने शपथ लेते हुए कहा कि वे पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ कार्य करेंगे तथा समाज में बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने कहा कि बच्चों का भविष्य सुरक्षित करना समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बाल श्रम जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए जन-जागरूकता बेहद आवश्यक है। पुलिस प्रशासन इस दिशा में लगातार प्रयासरत है और लोगों से भी इसमें सहयोग करने की अपील की।
शपथ कार्यक्रम में थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं बल कर्मी उपस्थित रहे।
इस मौके पर एसआई पंकज कुमार, एसआई त्रिलोकी नाथ, एएसआई बिपिन राम, पीटीसी रामचंद्र चौधरी आदि बल शामिल थे।