सार्वजनिक सड़कों पर टेंट लगाकर अवैध रूप से पटाखे बेचने वालों पर नगर निगम की कार्रवाई, 52 बॉक्स पटाखे जब्त
दीपावली तक चलेगा विशेष अभियान, सड़क पर अतिक्रमण कर पटाखे एवं मिठाई के काउंटर लगाने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
उदयपुर। दीपावली के त्योहार के मद्देनजर शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने एवं आमजन को आवागमन में परेशानी से बचाने के लिए नगर निगम ने सार्वजनिक सड़कों पर अतिक्रमण कर पटाखों की दुकानें संचालित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर गुरुवार को निगम की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लगाए गए टेंट हटवाए तथा कुल 52 बॉक्स पटाखे जब्त किए।
पिछले कुछ वर्षों से दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों के आगे सार्वजनिक सड़कों पर टेंट लगाकर पटाखा बाजार एवं मिठाई के काउंटर संचालित करने की प्रवृत्ति बढ़ी है। इससे सड़कों पर अतिक्रमण होने के साथ ही यातायात बाधित होता है और त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सार्वजनिक सड़कों पर इस प्रकार का अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने सबसे पहले सुभाष चौराहा क्षेत्र में राजेश पुत्र दिनेश पुर्बिया द्वारा 374 वर्गफीट में ट्रस टेंट लगाकर संचालित की जा रही अवैध पटाखा दुकान से 9 बॉक्स पटाखे जब्त किए। इसके बाद रामपुरा चौराहे पर हितेश छाजेड़ द्वारा 286 वर्गफीट में लगाए गए टेंट से 7 बॉक्स पटाखे जब्त किए गए। रामपुरा रोड पर कुणाल साहू द्वारा सौविलया फायर वर्क्स के नाम से 403 वर्गफीट में लगाए गए टेंट से 11 बॉक्स तथा ब्रह्मपोल स्थित होटल ब्लूम के पास नितेश साहू द्वारा जेएमडी फायर वर्क्स के नाम से 352 वर्गफीट में लगाए गए टेंट से 15 बॉक्स पटाखे जब्त किए गए।
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि राजस्थान नगरपालिका अधिनियम 2009 की धारा 245 के तहत सार्वजनिक सड़क एवं भूमि पर अतिक्रमण दंडनीय अपराध है। इसके तहत स्थायी अतिक्रमण पर तीन माह से तीन वर्ष तक के साधारण कारावास तथा 30 हजार से 50 हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
दीपावली तक चलेगा विशेष अभियान।
नगर निगम द्वारा दीपावली पर्व तक विशेष अभियान चलाकर सार्वजनिक सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करेगा। पटाखों की दुकान अथवा मिठाई के काउंटर के लिए बिना अनुमति टेंट लगाकर सड़क घेरने वालों के सामान एवं टेंट जब्त किए जाएंगे।
निगम द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान नगर निगम पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी, राजस्व निरीक्षक मोहित अग्रिहोत्री, विजय जैन सहित निगम के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।