*तिंदवारी पुलिस और एसओजी ने किया ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, एक हत्यारोपी गिरफ्तार*
*बांदा।* थाना तिंदवारी और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ग्राम छापर में हुई युवक की हत्या की ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का खुलासा कर दिया है। *जिस ब्लाइंड मर्डर को कोई भी खोल नहीं पा रहा था, उसे तिंदवारी थानाध्यक्ष संदीप पटेल और एसओजी टीम की वजह से खोला गया है।*
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह के नेतृत्व में थाना तिंदवारी व एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा इस हत्याकांड का खुलासा किया गया।
गौरतलब हो कि थाना तिंदवारी क्षेत्र के ग्राम छापर में दिनांक 13.09.2026 को एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था, जिसके संबंध में थाना तिंदवारी में मु0अ0सं0- 196/26 धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। घटना के खुलासे हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस व फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों, संदिग्धों से पूछताछ और ऑपरेशन त्रिनेत्र के सीसीटीवी कैमरों की मदद से आज दिनांक 16.09.2026 को हत्यारोपी को ग्राम जसईपुर मोड़ से गिरफ्तार किया गया।
*पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूला -* आरोपी अंकित उर्फ अंकुल पुत्र रामसेवक निवासी माटा ने बताया कि 12/13.09.2026 की रात वह अपने साथी पवन उर्फ बल्ला पुत्र रामप्रकाश के साथ गांव के बाहर पुलिया के पास बैठा था। तभी एक अज्ञात व्यक्ति वहां पेशाब करने लगा। पूछने पर उसने अभद्रता की, जिससे गुस्से में आकर दोनों ने उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर गांव के बाहर ले जाकर डंडे और अधजली लकड़ी से पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और अचेत अवस्था में ग्राम छापर के पास तालाब के किनारे फेंक कर भाग गए।
*बरामदगी -* पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 02 डंडा, 01 अधजली लकड़ी, 01 मोटरसाइकिल, मृतक के जूते और आरोपी के कपड़े बरामद किए हैं।
दूसरे फरार आरोपी पवन उर्फ बल्ला की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हैं।
*गिरफ्तार अभियुक्त -* अंकित उर्फ अंकुल पुत्र रामसेवक निवासी माटा थाना तिंदवारी।
*टीम -* थानाध्यक्ष संदीप पटेल, एसओजी प्रभारी आनंद कुमार सहित टीम के हेड कांस्टेबल अश्वनी प्रताप सिंह, कांस्टेबल अमित त्रिपाठी, प्रतीक सिंह, मनीष मिश्रा, अमन मिश्रा, महेन्द्र प्रताप सिंह।
Atarra, Banda | Sep 16, 2026