कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग स्थित रायडीह मोड़ के पास शनिवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार हाइवा ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो के परखच्चे उड़ गए, वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। फिलहाल घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। घटना में शामिल हाइवा का नंबर JH 10 CQ 2093 बताया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए अपने वाहन से तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर जाम हटवाया और यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।