केंद्रीय मंत्री ललन सिंह बोले - विवाद में नहीं, विकास में भरोसा; सुलह करवा सकता हूं, पैरवी नहीं करता।
लखीसराय में तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान पहुंचे केंद्रीय मंत्री एवं मुंगेर सांसद ललन सिंह का घोसैठ में दिया गया एक बयान अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
बीते एक अक्टूबर को पीरी बाजार के घोसैठ में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ललन सिंह ने कहा कि वे विवाद में नहीं, बल्कि विकास में भरोसा रखते हैं। उन्होंने कहा,"अगर दो व्यक्ति आपस में लड़ रहे हैं और दोनों सुलह करना चाहते हैं तो मैं उनका सुलह करवा सकता हूं। लेकिन हम किसी की पैरवी नहीं करते हैं।"
अपने संबोधन में ललन सिंह ने घोसैठ के ही दो स्थानीय नेताओं— आशुतोष कुमार और मुखिया आलोक कुमार —के बीच रहे पुराने विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच चल रहे विवाद को बीते लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने आपसी समन्वय और बातचीत से समाप्त कराने की पहल की थी।
हालांकि ललन सिंह ने मंच से अपने बयान को इसी स्थानीय विवाद के संदर्भ में रखा, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। कुछ लोग उनके इस बयान को हाल के अनंत सिंह - नीरज कुमार विवाद से भी जोड़कर देख रहे हैं। खास तौर पर ललन सिंह का यह संदेश कि दोनों पक्ष अपने हों तो किसी एक की पैरवी के बजाय सुलह का रास्ता बेहतर है, सियासी चर्चा को और हवा दे रहा है। हालांकि मंच से ललन सिंह ने सीधे तौर पर अनंत सिंह - नीरज कुमार विवाद का नाम लेकर यह टिप्पणी नहीं की है।
Rafiganj, Aurangabad | Oct 4, 2026