भागलपुर, 11 अगस्त 2026। श्रावणी मेला 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन, भागलपुर द्वारा पर्यटन विभाग एवं कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में धांधी बेलारी महाशिविर तथा सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट के सांस्कृतिक मंच पर पूरे सावन माह भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। दिनांक 28 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन आयोजित हो रहे इन कार्यक्रमों में भागलपुर सहित बिहार एवं देश के विभिन्न क्षेत्रों के कलाकार गायन, वादन, नृत्य एवं नृत्य-नाटिका के माध्यम से अपनी कला प्रस्तुत कर रहे हैं।
आज धांधी बेलारी महाशिविर के सांस्कृतिक मंच पर कलाकारों ने भगवान शिव को समर्पित भक्ति गीतों एवं भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियों से कांवरियों एवं श्रद्धालुओं को शिव भक्ति में सराबोर कर दिया। कलाकार रोहित कुमार झा, गणेश हरिजन एवं अंजली सिंह ने अपनी प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का संचालन उद्घोषक कुमार गौरव ने किया।
वहीं, सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट स्थित मुख्य सांस्कृतिक मंच पर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रद्धालुओं एवं दर्शकों का मन मोह लिया। प्रवाल रंजन एवं सुलेखा रमैया ने गायन की प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जबकि वादक कलाकारों ने अपनी मधुर धुनों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। “बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है” तथा “बोल बम, बोल बम” के जयघोष और भक्तिमय धुनों पर श्रद्धालु एवं कांवरिया झूमते नजर आए। बिहार की समृद्ध लोक संगीत परंपरा की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों को खूब आकर्षित किया।
कार्यक्रम के दौरान “ॐ नमः शिवाय ॐ”, “हर हर शंभू”, “शिव कैलाशों के वासी”, “राम न मिलेंगे हनुमान के बिना” तथा “नाचे कांवरिया शिव के दुआरिया” जैसे भक्ति गीतों एवं शिव भजनों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया। स्थानीय कलाकारों ने भगवान शिव को समर्पित प्रार्थना रूपी भजनों के माध्यम से समाज एवं जनकल्याण की मंगलकामना भी की।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त श्री रवि राकेश एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री अंकित रंजन की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सुधी दर्शकों ने श्रावणी मेला के दौरान इस प्रकार के नियमित एवं भव्य सांस्कृतिक आयोजनों के लिए जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग तथा कला एवं संस्कृति विभाग की सराहना की। कलाकारों ने भी मंच से जिला प्रशासन द्वारा कलाकारों को उपलब्ध कराए जा रहे सहयोग एवं सुविधाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
श्रावणी मेला के दौरान आयोजित ये सांस्कृतिक कार्यक्रम न केवल श्रद्धालुओं के आध्यात्मिक अनुभव को समृद्ध कर रहे हैं, बल्कि बिहार की लोक एवं शास्त्रीय सांस्कृतिक परंपराओं को व्यापक मंच प्रदान करने का भी कार्य कर रहे हैं।
3 views | Bhagalpur, Bihar | Aug 11, 2026