महिला हितैषी ग्राम पंचायत की थीम पर मना पंचायत विकास दिवस
प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने किया उद्घाटन, डीएम अभिलाषा शर्मा ने दिलाई 2030 के सतत विकास लक्ष्य की शपथ
औरंगाबाद: महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और नेतृत्व को समर्पित पंचायत विकास दिवस का जिला स्तरीय समारोह रविवार को मदनपुर प्रखंड की बनिया पंचायत में गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। राणा रामेश्वर +2 उच्च विद्यालय, बनिया घटराइन में आयोजित समारोह का उद्घाटन प्रभारी मंत्री सह पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री श्रीमती रमा निषाद ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, जनप्रतिनिधि, जीविका दीदियाँ, आशा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। राष्ट्रगान और छात्राओं के स्वागत गान से समारोह का शुभारंभ हुआ। डीएम ने प्रभारी मंत्री को बुके-शॉल भेंटकर सम्मानित किया।
महिला हितैषी पंचायत समय की मांग: रमा निषाद
प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने कहा कि पंचायत विकास दिवस केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर और जनभागीदारी आधारित विकास से जोड़ने का अभियान है। उन्होंने कहा कि समाज का समग्र विकास तभी संभव है जब महिलाएं सुरक्षित, शिक्षित, स्वस्थ और आर्थिक रूप से सशक्त हों। पंचायत प्रतिनिधियों से ग्राम सभाओं में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और जीविका समूहों को मजबूत करने का आह्वान किया।
मंत्री ने पंचायत सरकार भवन, मुख्यमंत्री ग्रामीण विवाह मंडप योजना, सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, मोक्षधाम निर्माण, RTPS सेवाओं और खेल मैदानों के विकास की जानकारी दी। कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के साथ सामाजिक विकास को गति देना है।
2030 तक सतत विकास लक्ष्य पूरा करें: डीएम
जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कहा कि पंचायत विकास दिवस पंचायतों को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने का मंच है। 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में ग्राम पंचायतों की भूमिका अहम है। महिला हितैषी पंचायत का मतलब केवल योजनाएं नहीं, बल्कि ऐसा माहौल बनाना है जहां हर बेटी को शिक्षा, हर महिला को सम्मान-सुरक्षा और समान अवसर मिले।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, पर्यावरण संरक्षण और आजीविका योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। सभी से अपनी पंचायत को स्वच्छ, शिक्षित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
विचार गोष्ठी और जागरूकता कार्यक्रम
समारोह में "महिला हितैषी ग्राम पंचायत" विषय पर संवाद आयोजित हुआ। शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, वित्तीय समावेशन और महिलाओं की नेतृत्वकारी भूमिका पर चर्चा की गई। उत्कृष्ट पंचायतों के कार्यों पर वीडियो प्रदर्शन हुआ। प्रधानमंत्री के "मन की बात" के 135वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। मद्यनिषेध विभाग ने शराबबंदी पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशामुक्त बिहार का संदेश दिया।
#PanchayatVikasDiwas #WomenFriendlyGramPanchayat #AurangabadBihar #RuralDevelopment #WomenEmpowerment #GramPanchayat #BiharGovernment #SDG2030 #JeevikaDidis #SustainableDevelopment #PanchayatiRaj