105 वर्षीया सुशील देवी का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
टिकारी प्रखंड के तिताईगंज गांव निवासी एवं पत्रकार अविनाश द्विवेदी की दादी, 105 वर्षीया सुशील देवी का सोमवार की देर रात निधन हो गया। वे लंबे समय तक अपने परिवार की मार्गदर्शक रहीं और अपने सरल, धार्मिक तथा स्नेहपूर्ण स्वभाव के कारण क्षेत्र में सम्मानित थीं। उन्होंने तिताईगंज स्थित अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।
मंगलवार को मोरहर नदी के डुमरसन घाट पर पूरे वैदिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र अधिवक्ता राजेश द्विवेदी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन एवं शुभचिंतक शामिल हुए और दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुशील देवी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके निधन को परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। शोक व्यक्त करने वालों में संजीव द्विवेदी, रामकृष्ण त्रिवेदी, नारायण मिश्रा सहित कई सामाजिक एवं गणमान्य लोगों के नाम शामिल हैं। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की ! #bdbiharjharkhand