मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलों के जिला पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बांका से जिला पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में जल संसाधन विभाग से संबंधित बाढ़ एवं कटाव निरोधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित जिलों में संचालित कटाव निरोधी कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग से संबंधित लंबित विशेष गहन पुनरीक्षण , संदिग्ध राशन कार्डों की समीक्षा, सीएमआर तथा जन वितरण प्रणाली से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति तथा विभिन्न योजनाओं के लिए भूमि उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाने, भूमि संबंधी लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने तथा शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
ऊर्जा विभाग से संबंधित प्रधानमंत्री सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना (PMSG-MBY) की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार, पात्र लाभार्थियों को अधिकाधिक जोड़ने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
39 views | Banka, Bihar | Jul 20, 2026