25 हजार रुपये रिश्वत लेने के मामले में पटवारी निलंबित, कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई, बिलासपुर से भ्रष्टाचार से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। शासकीय राजस्व कार्य के लिए 25 हजार रुपये की रिश्वत लेने के मामले में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर की गई जांच में आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
वीओ: दरअसल, पूरा मामला बिलासपुर जिले की तहसील पचपेड़ी का है, जहां पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी के खिलाफ रिश्वत लेने से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले की जांच तहसीलदार पचपेड़ी द्वारा की गई, जिसके बाद 28 अक्टूबर को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।
जांच प्रतिवेदन में आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए जाने पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया।
पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी पूर्व में पटवारी हल्का नंबर 14 में पदस्थ थे और वर्तमान में तहसील पचपेड़ी के पटवारी हल्का नंबर 05 में कार्यरत थे। आदेश में उनके कृत्य को सिविल सेवा आचरण नियमों के विपरीत और गंभीर कदाचरण की श्रेणी में माना गया है।
वीओ: निलंबन अवधि के दौरान पटवारी का मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, कोटा कार्यालय निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
वहीं, कलेक्टर ने तहसीलदार पचपेड़ी को संबंधित पटवारी के विरुद्ध आरोप पत्र तैयार कर सात दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।
फिलहाल, 25 हजार रुपये की रिश्वत के मामले में पटवारी पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। अब आगे की विभागीय कार्रवाई पर सभी की नजरें रहेंगी।
बिलासपुर से ब्यूरो रिपोर्ट
Durg, Durg | Oct 30, 2026