हंडिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.247 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
अनोखा तीर, हरदा। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हंडिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 247 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजे के अलावा एक मोबाइल फोन, नकदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 35 हजार 250 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना हंडिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पैशन प्रो मोटरसाइकिल से अवैध गांजा लेकर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम जोगा स्थित फॉरेस्ट नाके के पास घेराबंदी कर संदेही रामदिन कलम निवासी लोटिया को पकड़ लिया।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान सफेद प्लास्टिक के झोले में रखा 2 किलो 247 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 45 हजार रुपये है, बरामद किया गया। इसके अलावा एक एमआई एंड्रॉयड मोबाइल, 250 रुपये नकद तथा पैशन प्रो मोटरसाइकिल (क्रमांक MP47 MF 8732) भी जब्त की गई।
घटनास्थल पर गांजे का वजन कर सीलबंद किया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना हंडिया में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(B) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Harda, Harda | Aug 3, 2026