मुरैना पुलिस की ई-विवेचना को मिलेगा नया आयाम, विवेचना अधिकारियों को टैबलेट संचालन का दिया प्रशिक्षण
मुरैना। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन में जिले में ई-विवेचना प्रणाली को अधिक प्रभावी, त्वरित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न थाना एवं शाखाओं से आए 15 विवेचना अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग गुणवत्तापूर्ण, वैज्ञानिक एवं समयबद्ध विवेचना के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी विवेचना अधिकारियों को ई-विवेचना प्रणाली और उपलब्ध कराए गए टैबलेट का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कुछ अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय द्वारा नए टैबलेट भी वितरित किए गए।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर बीर बहादुर सिंह ने ई-विवेचना पोर्टल पर ऑनलाइन प्रकरण दर्ज करने, केस डायरी का डिजिटल संधारण, दस्तावेज एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य अपलोड करने, फोटो-वीडियो साक्ष्य संकलन, ऑनलाइन रिकॉर्ड प्रबंधन, डेटा सुरक्षा तथा टैबलेट की तकनीकी सुविधाओं का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए फील्ड में तकनीक के अधिकतम उपयोग के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विवेचना अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण में तकनीक आधारित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध विवेचना सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर सूबेदार/स्टेनो रमन सिंह राठौर, एम.आर. मीना राठौर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।