पंचायत चुनाव: नादौती में मतदान संपन्न, कुल 60.11 प्रतिशत हुई वोटिंग; 20 नवंबर को आएंगे नतीजे
नादौती क्षेत्र में राजस्थान पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला और शाम 6 बजे मतदान का समय समाप्त होने तक कुल 60.11 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।
मतदान समाप्त होने के साथ ही मैदान में उतरे सभी प्रत्याशियों का चुनावी भविष्य ईवीएम में कैद हो गया है। पोलिंग पार्टियों ने कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम मशीनों को सील कर निर्धारित स्ट्रांग रूम के लिए रवाना किया। इस चरण का परिणाम 20 नवंबर को मतगणना के बाद घोषित किया जाएगा, जिसका प्रत्याशियों और मतदाताओं को बेसब्री से इंतजार है।