◆◆ *टीबी मुक्त भारत अभियान की सफलता के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाएं, अधिकाधिक लोगों की स्क्रीनिंग एवं एक्स-रे सुनिश्चित करें: जिलाधिकारी*
जलालपुर, 06 जुलाई 2026
◆ जिलाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव ने आज जलालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण कर टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत संचालित 100 दिवसीय विशेष स्क्रीनिंग अभियान की प्रगति की समीक्षा की।
◆ निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने टीबी स्क्रीनिंग काउंटर का अवलोकन किया तथा स्क्रीनिंग पंजी का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ईंट-भट्ठों, महादलित टोलों एवं अन्य संवेदनशील (Vulnerable) क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों की टीबी जांच कराई जाए।
◆ समीक्षा के दौरान बताया गया कि आज 06 जुलाई को पूरे सारण जिले में लगभग 20 हजार लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जबकि जलालपुर प्रखंड में आज 1,255 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। जलालपुर में अब तक कुल 3,195 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है।
◆ जिलाधिकारी ने एक्स-रे की प्रगति की भी समीक्षा की। बताया गया कि आज जलालपुर सीएचसी में 17 एक्स-रे किए गए। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि महादलित टोलों एवं ईंट-भट्ठों से संदिग्ध एवं संवेदनशील वर्ग के लोगों को एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर प्रतिदिन कम-से-कम 50 एक्स-रे कराना सुनिश्चित किया जाए।
◆ निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख एवं मुखिया प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिकाधिक लोगों को टीबी जांच के लिए प्रेरित करें तथा अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप दें।
◆ जिलाधिकारी ने कहा कि जीविका दीदियां, विकास मित्र, आंगनबाड़ी सेविकाएं, आशा कार्यकर्ता तथा सभी जमीनी स्तर के कर्मी स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ समन्वय स्थापित कर घर-घर जाकर अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग सुनिश्चित करायें।
◆ उन्होंने कहा कि समय पर जांच एवं उपचार से टीबी पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
बैठक में बताया गया कि जिन लोगों की जांच में टीबी की पुष्टि होगी, उन्हें तत्काल निःशुल्क दवा एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही 'नि:क्षय मित्र' पहल के अंतर्गत टीबी मरीजों को पूरक पोषण उपलब्ध कराने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा आगे आने की सराहना की गई।
◆ जिलाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव ने स्वयं 5 टीबी मरीजों को नि:क्षय मित्र के रूप में गोद लिया है। वहीं सिविल सर्जन द्वारा भी 5 टीबी मरीजों को गोद लिया गया है। जिलाधिकारी ने जिले के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, उद्योगपतियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में टीबी मरीजों को नि:क्षय मित्र के रूप में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस पुनीत कार्य में योगदान देने वाले नि:क्षय मित्रों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
◆ निरीक्षण एवं बैठक के दौरान प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख, जलालपुर प्रखंड के वरीय प्रभारी सह जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य), प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, स्थानीय मुखिया, स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी , जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
#TBEradication
#100days
#screening
#briefing
#DM
#saran
Bihar Health Department
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
8 views | Saharsa, Bihar | Jul 6, 2026